ठाणे में धूमधाम से मना होली मिलन समारोह
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन और अग्रोहा विकास ट्रस्ट का कार्यक्रम
ठाणे - होली के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन और अग्रोहा विकास ट्रस्ट ह्रारा ठाणे के येऊर हिल स्थित श्रद्धा रिसोर्ट में आयोजित `रंग बरसे' कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। रंगोत्सव होली इंसानियत का संदेश देने वाला वह सर्वोच्च पर्व है, जब सारे रंगों में सराबोर होने के बाद उभरता-निखरता है हर्षोल्लास और प्यार का रंग भर देता है।
प्राकृतिक सौंदर्य से लदे वातावरण में हुए इस समारोह में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय उप-महासचिव डॉ. राजेंद्र अग्रवाल, राष्ट्रीय सचिव सुमन अग्रवाल, मुंबई अध्यक्ष शिवकांत खेतान, नीलम खेतान, अर्चना अग्रवाल और राधेश्याम अग्रवाल आदि मान्यवरों की प्रमुख उपस्थिति थी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपरिवार शामिल हुए समाज के लोगों ने विविधरंगी फूलों, गुलाल व रंग से न केवल उमंगपूर्ण होली बल्कि जायकेदार व्यंजनों तथा खास तौर पर बनी ठंडई का भी लुत्फ लिया।
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, ठाणे के अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल और अग्रोहा विकास ट्रस्ट, ठाणे के अध्यक्ष राजेश हलवाई के संयुक्त संयोजन में हुए इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सुरेश पहाड़िया, नितिन बजारी, अनिल गोयल, माधवी गुप्ता समेत कई पदाधिकारियों-सक्रिय कार्यकर्ताओं का योगदान रहा।