यातायात जाम से चाहिए एंंबुलेंस को मुक्ति
यातायात जाम से चाहिए एंंबुलेंस को मुक्ति
ठाणे। ठाणे शहर के गंभीर रोगियों को एंबुलेंस से मुंबई ले जाते समय कोपरी पुल पर यातायात जाम का सामना करना पड़ता है। ऐसी स्थिति से एंबुलेंस को मुक्ति चाहिए। इसके लिए ठाणे कांग्रेस ओबीसी विभाग के ठाणे शहर जिला अध्यक्ष राहुल पिंगले ने पहल की है। उन्होंने राज्य के लोक निर्माण मंत्री अशोक चव्हाण, स्वास्थ्यमंत्री राजेश टोपे, ठाणे के पालकमंत्री एकनाथ शिंदे , ठाणे मनपा आयुक्त डॉ. विपीन शर्मा, एमएमआरडीए के आयुक्त एस. वी. आर. श्रीनिवासन तथा ठाणे के यातायात विभाग के पुलिस उपायुक्त बालासाहेब पाटील को निवेदन देकर मांग की है कि कोपरी पुल पर एंबुलेंस जाने के लिए ग्रीन कोरिडोर की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
इस समय ठाणे के कोपरी पुल पर सबेरे तथा शाम के समय मुंबई जाने के दौरान यातायात जाम की भयंकर समस्या रहती है। यदि इस समय किसी गंभीर रोगी को एंबुलेंस से मुंबई ले जाने का प्रयास किया जाता है तो एंबुलेंस यातायात जाम में फंस जाता है। इन बातों का जिक्र करते हुए राहुल पिंगले का कहना है कि इस स्थिति में किसी भी रोगी की जान जा सकती है। ऐसी स्थिति में एंबुलेंस मुंबई की ओर जाने के लिए विशेष मार्ग की बहुत आवश्यकता है।
हाल में कोपरी में बन रहे पुल का निर्माण कार्य पूरा हो गया था। दो लेन मार्ग का शुभारंभ किया जानेवाला था। लेकिन इसी बीच एक लेन रोड की सतह नीचे धंस गई। जिस कारण दोनों लेन का शुभारंभ अटक गया। जब तक दुरुस्ती का काम पूरा नहीं होता तब तक नए पुल से वाहनों की आवाजाही संभव नहीं है। इन बातों का जिक्र करतेहुए पिंगले का कहना है कि इस समय पुराने कोपरी पुल से ही वाहनों की आवाजाही हो रही है। जिस कारण यातायात समस्या यहां बनी रहती है। ऐसी स्थिति में पिंगले ने मांग की है कि नए पुल का एक लेन एंबुलेंस की आवाजाही के लिए ग्रीन कोरिडोर (विशेष मार्ग) घोषित किया जाए। इस कदम से रोगियों की जान भी बचाई जा सकती है।